60 साल की बुजुर्ग महिला ने देश के लिए दान की उम्रभर की जमा पूंजी, पीएम केयर फंड में दिए 10 लाख रुपये:UttarakhandSmachaar

#LadengeCoronaSe: 60 साल की बुजुर्ग महिला ने देश के लिए दान की उम्रभर की जमा पूंजी, पीएम केयर फंड में दिए 10 लाख रुपये

गौचर(चमोली) Updated Wed, 08 Apr 2020 06:33 PM
फ़ाइल फ़ोटो 

सार

  • गौचर की देवकी देवी ने दान की उम्रभर की जमा पूंजी
  • विश्वनाथ मंदिर के महंत ने एक लाख की सहायता दी
  • मृत्युंजय महादेव मंदिर समिति ने दिए 51 हजार रुपये

विस्तार

संकट की घड़ी में एक संघर्षशील महिला ने अपने जीवन की सारी कमाई देश के लिए दान कर दी। उत्तराखंड के चमोली जिले के गौचर में रहने वाली देवकी देवी भंडारी ने बुधवार को प्रधानमंत्री केयर फंड में 10 लाख रुपये की धनराशि जमा कराई।

उन्होंने बताया कि बैंक में जमा एफडी और पेंशन की रकम से 10 लाख रुपये जमा हुए थे। कोरोना संकट को देखते हुए जीवन भर की कमाई इस महामारी से लड़ने के लिए प्रधानमंत्री केयर फंड में दान दे दी है। सेंट्रल बैंक के शाखा प्रबंधक पंकज पंवार, सभासद अनिल नेगी, सभासद देवेंद्र नेगी, व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल आदि ने देवकी देवी के राष्ट्र-प्रेम की सराहना की और कहा कि वे लोगों के लिए एक नजीर हैं।

विश्वनाथ मंदिर के महंत ने एक लाख की सहायता दी

उत्तरकाशी में काशी विश्वनाथ मंदिर के महंत जयेंद्र पुरी ने प्रधानमंत्री राहत कोष में एक लाख रुपये की सहायता राशि दी। उन्होंने गंगोत्री विधायक गोपाल रावत एवं डीएम डॉ. आशीष चौहान को सहायता राशि का चेक दिया। साथ ही महामृत्युंजय भगवान विश्वनाथ से देश दुनिया को कोरोना महामारी के संकट से उबारने के लिए प्रार्थना की।

इधर नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के अधिकारी कर्मचारियों ने अपने वेतन से कटौती कर प्रधानमंत्री राहत कोष में एक लाख 13 हजार आठ सौ बीस रुपये की सहायता राशि जमा कराई। उधर कुपड़ा गांव के शेषनाग देवता मंदिर समिति ने सीएम राहत कोष में 51 हजार रुपये दिए।

मृत्युंजय महादेव मंदिर समिति ने दिए 51 हजार रुपये

रुद्रप्रयाग में कोरोना महामारी से निपटने के लिए नारायणबगड़ क्षेत्र के मृत्युंजय महादेव मंदिर समिति ने दिए 51 हजार रुपये और ग्राम पंचायत डुंग्री की मनरेगा महिला श्रमिकों ने तीन हजार रुपये की धनराशि प्रधानमंत्री राहत कोष में दी।

वहीं, मांस व्यापारी समिति ग्रामीण और शहरी क्षेत्र कोटद्वार ने एसडीएम योगेश मेहरा को 21 हजार रुपये की नकद धनराशि दी। समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार ने सभी से आगे बढ़कर इस महामारी से निपटने के लिए शासन-प्रशासन की यथासंभव मदद करने की अपील की। दूसरी ओर रुद्रप्रयाग में सामाजिक कार्यकर्ता एवं विश्व हिंदू परिषद के जिलामंत्री बलवंत सिंह बुटोला ने 21 हजार रुपये पीएम राहत कोष में जमा कराए।

Comments

Popular posts from this blog

नौ जिलों में आंशिक राहत दे सकती है सरकार, चार जिलों में तीन मई तक रहेगी पाबंदी:Uttarakhandsmachaar

उत्तराखंड: परिवहन के कर्मचारियों को राहत, 23 करोड़ निगम के खातों में पहुंचे, आज से मिलेगा वेतन

उत्तराखंड: जंगल की आग में जिंदा जली दो महिलाएं, तीसरी ने भागकर बचाई अपनी जान: Uttarakhandsmachar